करुणा सागर सरायपाली। – जहां नाद है,वही ब्रह्म है और जहां संगीत है,वहां जीवन का वास्तविक सौंदर्य है। संगीत केवल सुर ताल और लय का ज्ञान ही नहीं,बल्कि यह हमारी संस्कृति,परंपरा और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम भी है।इसी पावन उद्देश्य को साकार करते हुए नगर का एकमात्र मां वीणापाणि संगीत महाविद्यालय बस्ती सरायपाली (सरायपाली)में इन दिनों स्वर,ताल और लय की अविरल गंगा प्रवाहित हो रही है।
संगीत प्रेमी,युवाओं और बच्चों की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से इसकी शुरुआत की गई है।यह विद्यालय न केवल शास्त्रीय संगीत,सुगम संगीत,आधुनिक वाद्य यंत्रों का व्यावहारिक और सैद्धांतिक ज्ञान प्रदान कर रहा है,बल्कि भावी पीढ़ी में भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों के संस्कारों का बीजारोपण भी कर रहा है।विद्यालय के संचालक जन्मजय नायक ने बताया कि आज के तनावपूर्ण जीवन में संगीत न केवल एक बेहतरीन करियर विकल्प है,बल्कि यह मानसिक शांति और एकाग्रता बढ़ाने का भी सशक्त माध्यम है।इस संस्थान में हर आयु वर्ग(बच्चों,युवाओं और बुजुर्गों)के लिए विशेष बेच की व्यवस्था की गई है।
दीर्घ अनुभवी एवं सुयोग्य गुरुजनों के सानिध्य में शास्त्रीय गायन,सुगम संगीत,तबला वादन,हारमोनियम,की बोर्ड,बैंजो,गिटार एवं कत्थक नृत्य की बारीकियों को अत्यंत सरल और वैज्ञानिक,विधिवत् ढंग से सिखाया जा रहा है।इस संगीत मंदिर की बड़ी विशेषता यह है कि यहां सीखने के लिए आयु की कोई सीमा नहीं है।नन्हे मुन्ने बच्चों की कोमल अंगुलियों से लेकर,युवाओं के उत्साह और वरिष्ठ नागरिकों की कला-पिपासा तक,समाज के प्रत्येक वर्ग के लोग यहां एक साथ बैठकर सुरों की साधना कर रहे हैं।
एक और जहां बालक बालिकाएं सरगम के माध्यम से अनुशासन और एकाग्रता सीख रहे हैं,वहीं दूसरी और गृहणियांऔर नौकरी पेशा वर्ग भी अपने व्यस्त जीवन से समय निकालकर संगीत की शीतल छाया में मानसिक शांति का अनुभव कर रहे हैं। श्री नायक ने आगे बताया विद्यालय में सुरों की साधना के साथ संस्कारों का सिंचन भी हो रहा है।जब शिक्षा में संगीत और संगीत में संस्कार जुड़ते हैं तब सीखना केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रहता,बल्कि जीवन को सुंदर बनाने का माध्यम बन जाता है।संगीत मन को एकाग्र करता है और संस्कार जीवन को सही दिशा देता है।
विद्यालय में प्रवेश लेने के बाद बच्चों के व्यवहार,वाणी और एकाग्रता में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।कक्षाओं का शुभारंभ सरस्वती वंदना,गुरु वंदना और भारतीय परंपराओं के साथ होता है। विद्यार्थियों को राग-रागिनियों के ज्ञान के साथ-साथ गुरु-शिष्य परंपरा,बड़ों के प्रति सम्मान,समय की पाबंदी और नैतिक मूल्यों की शिक्षा भी दी जा रही है।आने वाले दिनों में महाविद्यालय का और उन्नयन,विस्तारीकरण, आधुनिकीकरण,सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
Author: Deepak Mittal









