नई दिल्ली: इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए ‘शर्टलेस प्रोटेस्ट’ के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
बताया जा रहा है कि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद पुलिस ने सार्वजनिक शांति भंग करने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। अब तक इस प्रकरण में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें उदय भानु चिब भी शामिल हैं। इससे पहले जितेंद्र यादव, राजा गुर्जर और अजय कुमार समेत अन्य को भी हिरासत में लिया गया था।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध भारत की ऐतिहासिक धरोहर है और यह हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने लिखा कि अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील में देशहित से समझौता किया गया है, जिससे किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान होगा तथा देश का डेटा अमेरिका के हाथों में जा सकता है।
उन्होंने कहा, “युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, बल्कि देशभक्ति है। कांग्रेस पार्टी अपने साथियों के साथ मजबूती से खड़ी है।”
वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार, एआई समिट के दौरान हुए प्रदर्शन के पीछे किसी संगठित योजना की जांच की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8160014
Total views : 8183127