कोरबा: जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में दो साल की बच्ची की मौत हो गई। घर के आंगन में खेल रही मासूम के ऊपर खौलती दाल गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सीतामढ़ी शिव मंदिर गली निवासी शंकर सारथी अपनी पत्नी आरती सारथी और दो बच्चों के साथ रहता है। शंकर पेशे से बढ़ई है। गुरुवार को वह घर पर मौजूद था, जबकि उसकी पत्नी आंगन में सिगड़ी पर दाल पका रही थी।
बताया जा रहा है कि कुछ देर के लिए आरती कमरे के अंदर चली गईं। इसी दौरान दो वर्षीय बेटी आराधना खेलते-खेलते सिगड़ी के पास पहुंच गई और दाल से भरे बर्तन से टकरा गई। टकराने से खौलती दाल उसके ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।
बच्ची की चीख सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल निहारिका स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
Author: Deepak Mittal









