रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, ED की टीम ने रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सौरभ चंद्राकर और हिमांशु शेखर से कथित तौर पर संपर्क रखने वाले होटल, क्लब और मनोरंजन कारोबार से जुड़े लोगों के ठिकानों पर की गई है।
जांच एजेंसी को आशंका है कि महादेव सट्टा से अर्जित कथित अवैध रकम को होटल और क्लब कारोबार के माध्यम से वैध धन के रूप में दिखाने की कोशिश की गई। इसी एंगल से ED कारोबार से जुड़े वित्तीय लेनदेन और निवेश की पड़ताल कर रही है।
सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि ED को दिल्ली में करीब 60 करोड़ रुपये के कथित हवाला लेनदेन से जुड़े लेजर दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा, सौरभ चंद्राकर के करीब 200 करोड़ रुपये के कथित निवेश की भी जांच की जा रही है।
जांच के दायरे में म्यूजिक कंपनी OCM रिकॉर्ड्स की हिस्सेदारी भी बताई जा रही है। वहीं, वकील हिमांशु शेखर की भूमिका और संबंधित लोगों के साथ उनके कथित संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
Author: Deepak Mittal









