धमतरी: जिले में पदस्थ एक डीएसएफ जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक शिव प्रसाद ध्रुव अपने गंगरेल स्थित सरकारी क्वार्टर में मृत पाए गए। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, सिहावा थाना क्षेत्र के टांगापानी निवासी शिव प्रसाद ध्रुव गंगरेल स्थित सरकारी आवास में रह रहे थे। बुधवार सुबह जब परिजन उनके कमरे में पहुंचे तो वे अंदर अचेत अवस्था में पड़े मिले। परिजनों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच प्रारंभ कर दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Author: Deepak Mittal









