अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, दो प्रतिष्ठानों से 152 कट्टा धान जब्त

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, दो प्रतिष्ठानों से 152 कट्टा धान जब्त
धान खरीदी सीजन से पहले महासमुंद में प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी, अनियमितता पर होगी कड़ी कार्रवाई

महासमुंद। धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले महासमुंद जिला प्रशासन ने अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को प्रशासन की निरीक्षण टीम ने दो अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर कुल 152 कट्टा धान जब्त किया है।

मंडी सचिव महासमुंद के नेतृत्व में गठित दल में उपनिरीक्षक कमल नारायण साहू और अखिलेश राठिया शामिल थे। टीम ने सबसे पहले लाफिंग खुर्द स्थित भारत भूषण साहू के प्रतिष्ठान में छापा मारा, जहाँ 50 कट्टा धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया। वहीं, ग्राम बम्हनी में की गई दूसरी कार्रवाई के दौरान खिलावन यादव के प्रतिष्ठान से 102 कट्टा धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। दोनों ही मामलों में धान को मौके पर जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण तैयार किया गया और रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि ये कार्रवाइयाँ इस उद्देश्य से की जा रही हैं ताकि समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होने से पहले कोई भी व्यक्ति अनुचित लाभ उठाने के लिए अवैध धान भंडारण या बिक्री न कर सके। प्रशासन ने जिलेभर में सघन निरीक्षण अभियान शुरू किया है और चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है, साथ ही मुख्य सड़कों और मंडियों के आसपास विशेष चौकसी बरती जा रही है।

प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज केवल पंजीकृत समितियों में ही बेचें और किसी निजी व्यापारी या अवैध खरीदार के बहकावे में न आएं। अधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान और तेज किया जाएगा ताकि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध व्यापार या भंडारण न हो सके।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

September 2026
S M T W T F S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *