रायपुर में एक ही घर से पांच लोगों के शव मिलने से सनसनी

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

 

रायपुर।  राजधानी रायपुर के  टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित मदनी चौक में एक ही घर से पांच लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और पूरे मकान को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों में साजिद अली (50 वर्ष), उनकी पत्नी राबिया, पुत्र इरशाद अली (19 वर्ष), पुत्री शाहिदा (17 वर्ष) और इरशाबा बेगम (16 वर्ष) शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में साजिद अली का शव फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्यों के शव एक कमरे में मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि चारों ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस हत्या और सामूहिक आत्महत्या समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि घटना संजय नगर के मदनी चौक की है। सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य हैं और किराए के मकान में रहते थे। परिवार ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि साजिद अली मौदहापारा क्षेत्र में बैटरी रिपेयरिंग का काम करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार पर कुछ कर्ज था और उसकी वसूली के लिए रिकवरी कर्मचारी अक्सर घर आया करते थे। आर्थिक तंगी को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने की भी चर्चा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

फिलहाल, पुलिस और FSL टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *