
विनय सिंह : बेमेतरा : 02 अक्टूबर 2024 महात्मा गांधी के जन्म दिवस पर आयोजित “स्वच्छ भारत दिवस” के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
यह रैली 14 सितंबर से 01 अक्टूबर 2024 तक चलने वाले “स्वच्छता ही सेवा-2024” कार्यक्रम के अंतर्गत हुई। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री बृजेन्द्र कुमार शास्त्री ने की।
रैली में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी कन्या माध्यमिक विद्यालय बेमेतरा की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से जयस्तंभ चौक होते हुए विद्यालय तक निकाली गई इस रैली का शुभारंभ श्री शास्त्री ने हरी झंडी दिखाकर किया।
छात्राओं ने “मन में रखो एक ही सपना, स्वच्छ बनाना है भारत अपना” और “02 अक्टूबर का दिवस हमारा, स्वच्छता अभियान का नारा हमारा” जैसे स्लोगनों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश समाज तक पहुँचाया।
अध्यक्ष महोदय ने अपने संबोधन में स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता सिर्फ हमारे घर और आस-पास के वातावरण की सफाई से ही नहीं जुड़ी है, बल्कि यह हमारे देश की वैश्विक पहचान बनाने का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने बच्चों को यह भी संदेश दिया कि अच्छे जीवन का मूल मंत्र है न केवल बाहरी स्वच्छता, बल्कि अपने अंतर्मन की बुराइयों को भी साफ करना, जैसे द्वेष, वैमनस्य और बुरी भावनाओं का त्याग करना।
इस अवसर पर प्राधिकरण कार्यालय में पौधारोपण भी किया गया। अध्यक्ष और न्यायाधीशगण ने वृक्षारोपण करते हुए पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा रखने का संदेश दिया। उन्होंने सभी से अपील की कि अपने जन्म दिवस पर कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।
इस कार्यक्रम में न्यायाधीशगण, प्राधिकरण के कर्मचारी, पैरालीगल वालंटियर्स, अधिवक्ता, छात्राएँ और शिक्षकगण भी उपस्थित थे।
Author: Deepak Mittal









