तखतपुर: क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां मां की गिरफ्तारी से आहत एक युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पंचनामा की कार्रवाई जारी है।
फर्जी सहायता राशि लेने का मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चना डोंगरी निवासी उर्वशी श्रीवास के खिलाफ सर्पदंश से मृत्यु के नाम पर शासन से आर्थिक सहायता राशि लेने का मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उन्होंने अपने पति पुरुषोत्तम श्रीवास की मौत सर्पदंश से होने का दावा करते हुए तखतपुर तहसीलदार को आवेदन प्रस्तुत किया था, जिसके आधार पर चार लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई थी।
मामले की गहन जांच कलेक्टर Sanjay Agrawal के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय टीम द्वारा की गई। जांच दल में तहसीलदार, संबंधित थाना प्रभारी और चिकित्सा अधिकारी शामिल थे। जांच में सामने आया कि जिस मर्ग क्रमांक 23/2022 का हवाला देकर सहायता राशि ली गई, वह किसी अन्य व्यक्ति शोभाराम कौशिक से संबंधित था, जिसने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। सरकारी अभिलेखों में पुरुषोत्तम श्रीवास की सर्पदंश से मृत्यु का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
जाली हस्ताक्षर और कूटरचना का खुलासा
तत्कालीन तखतपुर तहसीलदार Shashank Shekhar Shukla ने सहायता राशि जारी करने से संबंधित आदेश पत्र पर किए गए हस्ताक्षरों को फर्जी बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दस्तावेज पर किए गए हस्ताक्षर उनके नहीं हैं।
जांच के दौरान मृतक के ससुर और साले के बयान भी दर्ज किए गए। उनके अनुसार, पुरुषोत्तम श्रीवास को सांप ने मृत्यु से 2-3 महीने पहले काटा था, जिससे वह लकवाग्रस्त हो गया था। मृत्यु के समय सर्पदंश की कोई तात्कालिक घटना नहीं हुई थी और न ही पोस्टमार्टम कराया गया था।
कूटरचित दस्तावेज, जाली हस्ताक्षर और शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने उर्वशी श्रीवास के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मां को थाने छोड़कर लौटा, फिर उठा लिया आत्मघाती कदम
बताया जा रहा है कि पुलिस पूछताछ के लिए महिला को थाने लाने के दौरान उसके बेटे को साथ आने के लिए कहा गया था। युवक मां को थाने छोड़कर घर लौटा, जिसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Madhulika Singh ने महिला की गिरफ्तारी की पुष्टि की है, हालांकि युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की जानकारी से इंकार किया है।
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए मामले की जांच कर रही है।
Author: Deepak Mittal









