रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक युवक से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ₹17 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार बना पीड़ित युवक हेमंत कुमार धृतलहरे अब न्याय की आस में दर-दर भटक रहा है, जबकि आरोपी कुलदीप भतपहरी फरार है और उसका मोबाइल फोन बंद है।
ऐसे दिया झांसा
हेमंत की कुलदीप से पहचान थी। कुलदीप ने उसे बताया कि अगर वह शेयर बाजार में निवेश करेगा तो उसे ₹5 करोड़ तक का मुनाफा मिलेगा। भरोसा दिलाने के लिए कुलदीप ने कहा कि वह डीमेट अकाउंट खोलकर स्टॉक्स में निवेश करेगा और 2 जनवरी को आईपीओ लिस्टिंग के वक्त शेयर ट्रांसफर कर देगा।
हेमंत ने अपनी जमीन बेचकर ₹17 लाख कुलदीप और उसकी बहन ज्योति भारती के खातों में ट्रांसफर कर दिए। लेकिन न मुनाफा मिला, न ही डीमेट अकाउंट में कोई शेयर आया। उसके बाद कुलदीप ने मिलना-जुलना भी बंद कर दिया।
बार-बार झांसा, अब तक फरार
जब हेमंत ने कॉल कर पैसे लौटाने की मांग की तो कुलदीप कभी मुंबई, कभी सूरत में होने का बहाना बनाने लगा। डेढ़ साल बीतने के बावजूद न पैसा वापस हुआ, न मुनाफा मिला। आखिरकार हेमंत ने टिकरापारा थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बिना किसी पुख्ता जानकारी या वैध दस्तावेजों के किसी भी व्यक्ति को बड़ी राशि न सौंपें, विशेषकर शेयर बाजार या अन्य निवेश योजनाओं के नाम पर। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास तेज किए जाएंगे।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8242106
Total views : 8290873