भारतीय सेना में ‘बस्तर रेजिमेंट’ की मांग पर रक्षा मंत्री का जवाब, डिप्टी CM विजय शर्मा के पत्र पर जांच शुरू

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर। भारतीय सेना में ‘बस्तर रेजिमेंट’ के गठन की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को लिखे गए पत्र का जवाब मिल गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पत्र का जवाब देते हुए बताया है कि इस मामले की जांच करवाई जा रही है।

दरअसल, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 26 जून को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर भारतीय सेना में ‘बस्तर रेजिमेंट’ के गठन की मांग की थी। उन्होंने अपने पत्र में कहा था कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य बस्तर संभाग के जवानों ने बीते वर्षों में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान अपनी वीरता और अदम्य साहस का परिचय दिया है।

उन्होंने कहा कि बस्तर के जवान दुर्गम क्षेत्रों की विषम परिस्थितियों में कार्य करने के साथ-साथ गुरिल्ला युद्ध की रणनीति में भी अभ्यस्त हैं। ऐसे में भारतीय सेना में ‘बस्तर रेजिमेंट’ का गठन राष्ट्रीय सुरक्षा, क्षेत्रीय विकास और सामाजिक स्थिरता की दिशा में एक रणनीतिक पहल साबित हो सकता है।

उपमुख्यमंत्री ने अपने पत्र में यह भी कहा था कि बस्तर रेजिमेंट के गठन से क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए एक सुनियोजित अवसर मिलेगा। इससे बस्तर के युवाओं में गौरव, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र की आर्थिक प्रगति में भी योगदान मिल सकता है।

इसी आधार पर उन्होंने केंद्रीय रक्षा मंत्री से भारतीय सेना में ‘बस्तर रेजिमेंट’ की स्थापना किए जाने का अनुरोध किया था। अब रक्षा मंत्री की ओर से मिले जवाब में इस प्रस्ताव की जांच कराए जाने की जानकारी दी गई है। रक्षा मंत्रालय की जांच के बाद इस मांग पर आगे क्या निर्णय होता है, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment