दुर्ग। जिले के कुम्हारी स्थित स्टेशन चौक क्षेत्र में रविवार को सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने पान मसाला और गुटखा निर्माण से जुड़े एक परिसर में छापेमार कार्रवाई की। टीम को मौके पर ‘सितार’ कंपनी के नाम से गुटखा तैयार किए जाने की जानकारी मिली।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने गुटखा निर्माण में इस्तेमाल की जा रही दो मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया है। जब्त सामग्री की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। हालांकि, जब्त सामान की वास्तविक कीमत और उससे संबंधित टैक्स की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की संभावना है।
जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम को कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र में कथित तौर पर अवैध रूप से गुटखा तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर रविवार को करीब 10 से 12 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम तीन वाहनों से मौके पर पहुंची।
टीम ने गोदाम के अंदर रखे सामान, गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनों और अन्य सामग्री की जांच की। इस दौरान दो मशीनों के साथ करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया गया।
सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस के अधिकारी गुटखा निर्माण और उसकी बिक्री से जुड़े कारोबार में जीएसटी और अन्य टैक्स संबंधी नियमों के पालन की भी जांच कर रहे हैं। इसके साथ ही गोदाम में मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामग्री को भी खंगाला जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, जिस गोदाम में कार्रवाई की गई, वह सुरेश गुप्ता का बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
कार्रवाई पूरी करने के बाद सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम जब्त की गई मशीनों और गुटखे को अपने साथ लेकर रायपुर रवाना हो गई। अब जब्त सामग्री की जांच और दस्तावेजों के मिलान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8242139
Total views : 8290909