कोरबा: जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दोनदारों के आश्रित ग्राम संगम नगर में गुरुवार देर रात एकतरफा प्रेम के विवाद में सनसनीखेज घटना सामने आई। एक युवक ने युवती के पिता पर गोली चला दी। हालांकि पिता बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, संगम नगर निवासी मां लखन साहू की नाबालिग बेटी से बालको नगर के इंदिरा नगर निवासी 22 वर्षीय साहिल मासी एकतरफा प्रेम करता था। परिजनों का आरोप है कि साहिल लंबे समय से युवती का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था। इस संबंध में युवती के पिता ने कई बार बालको थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी।
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 11 बजे साहिल युवती के घर पहुंचा और शादी के लिए दबाव बनाने लगा। जब युवती के पिता मां लखन साहू ने इसका विरोध किया तो आरोपी आक्रोशित हो गया। उसने अपने पास रखी बंदूक से फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली उन्हें नहीं लगी और वे सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी के पास से हथियार जब्त कर लिया गया है और उसकी वैधता की जांच की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Author: Deepak Mittal









