रायपुर: नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर नगर निगम जोन-7 के नगर निवेश विभाग ने गुलमोहर पार्क रामनगर के पास की जा रही अवैध प्लाटिंग और सड़क निर्माण पर कड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई जोन-7 के जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे और उप अभियंता (नगर निवेश) राहुल थरानी की उपस्थिति में की गई।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार वार्ड क्रमांक 24 अंतर्गत गुलमोहर पार्क रामनगर के पास पवन अग्रवाल द्वारा अवैध रूप से सड़क निर्माण कर प्लाटिंग की जा रही थी। सूचना मिलने पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से निर्मित अवैध मुरूम सड़क को काट दिया और आवागमन अवरुद्ध कर अवैध प्लाटिंग पर तत्काल प्रभावी रोक लगा दी।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
निगम अधिकारियों ने बताया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा पूर्व में भी अवैध प्लाटिंग की गई थी, जिस पर नगर निगम जोन-7 के नगर निवेश विभाग ने कार्रवाई की थी। इसके बावजूद दोबारा अवैध प्लाटिंग शुरू कर दी गई, जिसे इस बार सख्ती से रोका गया।
नामजद एफआईआर की तैयारी
नगर निगम जोन-7 के नगर निवेश विभाग द्वारा प्रकरण में नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। संबंधित पुलिस थाना क्षेत्र में शीघ्र ही नामजद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और प्लाटिंग के मामलों में आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8145783
Total views : 8160380