उत्तराखंड के केदारनाथ में हुए दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे के बाद जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच एजेंसियों ने प्राथमिक जांच में हेलीकॉप्टर संचालन में भारी लापरवाही की पुष्टि की है। इस हादसे में सात लोगों की जान चली गई थी।
हादसे के बाद जांच में यह सामने आया कि हेलीकॉप्टर संचालन की जिम्मेदारी आर्यन एविएशन नामक कंपनी को सौंपी गई थी। लेकिन अब यह कंपनी सवालों के घेरे में है। प्रारंभिक रिपोर्ट में कंपनी की ओर से सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के संकेत मिले हैं।
इस लापरवाही के चलते आर्यन एविएशन के अकाउंटेबल मैनेजर कौशिक पाठक और मैनेजर विकास तोमर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों अधिकारियों पर भारतीय दंड संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और एयरक्राफ्ट एक्ट की धारा 10 के तहत केस दर्ज किया गया है।
फिलहाल, मामले की विस्तृत जांच जारी है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और अन्य एजेंसियां हादसे की तकनीकी और ऑपरेशनल वजहों को खंगालने में जुटी हैं। प्रशासन की ओर से यह भी संकेत मिले हैं कि यदि आगे की जांच में और लापरवाही उजागर होती है तो कंपनी पर और भी कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।
यह हादसा चारधाम यात्रा के दौरान हुआ, जब एक हेलीकॉप्टर घने जंगलों में क्रैश हो गया था। इसमें पायलट समेत सभी सात लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद देशभर में श्रद्धालुओं और आमजन में शोक और आक्रोश की लहर फैल गई थी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8198506
Total views : 8236017