बीजापुर में बड़ा खुलासा: सीमावर्ती चेकपोस्ट पर 765 क्विंटल धान से भरे 3 ट्रक जब्त, दस्तावेज न मिलने पर कार्रवाई

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बीजापुर। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर संबित मिश्रा के निर्देश पर तारलागुड़ा चेकपोस्ट पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने 765 क्विंटल धान से भरे तीन ट्रक जब्त किए।

वाहन चालकों से पूछताछ में पता चला कि यह धान तेलंगाना के मुलगु जिले से रायपुर-दुर्ग भेजा जा रहा था। लेकिन, चालकों ने डिलीवरी ऑर्डर या किसी भी परिवहन दस्तावेज़ पेश नहीं किए। दस्तावेजों की अनुपस्थिति में तहसीलदार लक्ष्मण राठिया और मंडी उपनिरीक्षक देवराज ठाकुर ने तीनों ट्रकों को जब्त कर थाना प्रभारी तारलागुड़ा हुबलाल चंद्राकर के सुपुर्द किया। पुलिस ने बताया कि संबंधित प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

प्रशासन ने साफ कहा है कि समर्थन मूल्य पर खरीदी गई धान की अवैध बिक्री या परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई का उद्देश्य किसानों और राज्य के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

कलेक्टर संबित मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी अवैध परिवहन या धान भंडारण गतिविधि पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कार्रवाई के दौरान धान की सही मात्रा और गुणवत्ता को ध्यान में रखा जाएगा।

स्थानीय प्रशासन ने किसानों और आम जनता से अपील की है कि वे धान की खरीदी और परिवहन में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। बीजापुर जिले में यह कार्रवाई धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने का एक उदाहरण मानी जा रही है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में सीमावर्ती चेकपोस्टों पर निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment