रायपुर। छत्तीसगढ़ की माताओं और बहनों के लिए आज का दिन बेहद खास होने वाला है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज महतारी वंदन योजना की 20वीं किश्त जारी करेंगे, जिसके तहत 65 लाख महिलाओं के खातों में कुल 606.94 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। यह योजना राज्य की महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। शुक्रवार रात 8 बजे रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, गृह मंत्री विजय शर्मा, डिप्टी सीएम अरुण साव समेत अन्य मंत्रियों और विधायकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
आज दोपहर 12 बजे अमित शाह जगदलपुर पहुंचेंगे, जहां वे मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और फिर बस्तर दशहरा कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रदेश भाजपा ने उनके स्वागत और कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।
केंद्रीय गृहमंत्री के इस दौरे को लेकर बस्तर संभाग में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। सभी थाना क्षेत्रों, पुलिस चौकियों और फॉरवर्ड बेस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष निगरानी की जा रही है, जबकि सीमावर्ती इलाकों में नाकाबंदी और सघन जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।
अमित शाह का यह दौरा न केवल बस्तर दशहरा की भव्यता बढ़ाएगा, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और ऐतिहासिक पहल साबित होगा।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8219019
Total views : 8261587