रायपुर। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर से करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के आईफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने वाले अंतरराज्यीय कंजर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने गिरोह के सरगना राजेश अजय सिंह झाला और चोरी के आईफोन खपाने वाले सफान खान को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 आईफोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में गिरोह के दो अन्य सदस्य अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपियों ने मरीन ड्राइव स्थित आई नैक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर का शटर उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी दुकान से 173 आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड सहित करीब 2 करोड़ रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले लिया था। मामले में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 487/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

करोड़ों रुपये की चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम काम्बले के मार्गदर्शन में क्राइम एवं साइबर, मध्य और पश्चिम जोन की टीमों को जांच में लगाया गया। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की छह विशेष टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने करीब 25 दिनों तक लगातार अभियान चलाया।

जांच के दौरान पुलिस ने 250 किलोमीटर से अधिक के रूट पर 1000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा 1100 से अधिक सेल आईडी टावर और 10 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया। शुरुआत में आरोपियों ने दुकान का डीवीआर चोरी कर लिया था और आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी स्पष्ट नहीं थी। इसके बावजूद पुलिस ने बारीकी से जांच करते हुए घटना की रात दोपहिया वाहन पर सवार तीन संदिग्धों की गतिविधियों को चिन्हित किया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों के भागने के रास्ते का पता लगाया। करीब 10 दिनों तक फुटेज का पीछा करते हुए पुलिस टीम महाराष्ट्र के मौधा तक पहुंची। वहां आरोपियों के आगे के मूवमेंट का कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल रहा था। इसी दौरान पुलिस को मौधा के कुल्हान नदी किनारे एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली, जिसके इंजन और चेसिस नंबर मिटाए गए थे।
जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल 25 अक्टूबर को रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र से चोरी की गई थी। इससे पुलिस को पुष्टि हुई कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके बाद पुलिस ने महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में अलग-अलग टीमें भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू की।
डेटा विश्लेषण के दौरान पुलिस को वर्ष 2024 में जयपुर के एप्पल स्टोर में हुई चोरी की घटना के बारे में जानकारी मिली। उस वारदात में मध्यप्रदेश के देवास और इंदौर के आसपास सक्रिय कंजर गिरोह की भूमिका सामने आई थी। इसी आधार पर रायपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस से संपर्क किया और संदिग्धों की पहचान की। जांच में राजेश अजय सिंह झाला निवासी टोंककला, जिला देवास का नाम सामने आया।
देवास पुलिस के सहयोग से राजेश झाला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन लगातार पूछताछ में उसने अपने बेटे राज झाला और गांव के ही राजेश लोधी के साथ मिलकर रायपुर में चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी किए गए आईफोन इंदौर निवासी सफान खान को बेचने के लिए दिए गए थे।
पूछताछ में राजेश झाला ने बताया कि 25 अक्टूबर को वह अपने बेटे राज झाला और सफान खान के साथ बस से रायपुर पहुंचा था। यहां सफान खान ने मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर की पहचान कर उसकी रेकी की थी। इसके बाद आरोपियों ने जोरा मॉल के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी की और उसे महाराष्ट्र के साकोली के पास जंगल में छिपा दिया।
31 अक्टूबर को तीनों आरोपी दोबारा बस से महाराष्ट्र पहुंचे और जंगल में छिपाई गई मोटरसाइकिल लेकर रात में रायपुर आए। इसके बाद मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर का शटर उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी मोटरसाइकिल को मौधा के पास कुल्हान नदी पुल के नीचे छिपाकर बस से इंदौर लौट गए। दुकान का डीवीआर भी नदी में फेंक दिया गया था।
राजेश झाला ने पूछताछ में यह भी बताया कि गिरोह के सदस्य वारदात के लिए घर से निकलते समय अपने मोबाइल फोन घर पर ही बंद करके छोड़ देते थे। चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करते थे और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए चेहरे ढककर रखते थे।
राजेश झाला की गिरफ्तारी के बाद सफान खान फरार हो गया था। पुलिस को आशंका थी कि वह विदेश भाग सकता है। ऐसे में उपनिरीक्षक सतीश पुरिया के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम ने इंदौर में डेरा डालकर उसके संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई। तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के बाद पुलिस को सूचना मिली कि सफान खान मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास मौजूद है।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल समन्वय स्थापित कर उसे विदेश भागने से पहले गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 आईफोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल की कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये आंकी गई है। सफान खान को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को पूछताछ के दौरान जानकारी मिली है कि सफान खान कंजर गिरोह के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में महंगे एप्पल स्टोर को निशाना बनवाता था और चोरी किए गए आईफोन को बांग्लादेश तथा नेपाल में खपाने का काम करता था। पुलिस इस नेटवर्क की भी जांच कर रही है। साथ ही देश के विभिन्न राज्यों में पिछले एक वर्ष के दौरान एप्पल स्टोर में हुई चोरी की घटनाओं में इस गिरोह की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने राजेश अजय सिंह झाला (43), निवासी टोंककला, जिला देवास और सफान खान (35), निवासी मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया है। वहीं राज झाला, निवासी टोंककला और राजेश लोधी अभी फरार हैं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में संगठित अपराध से संबंधित धाराएं जोड़कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Author: Deepak Mittal








