करुणा सागर सरायपाली। चौहान (गांड़ा) समाज परिक्षेत्र जोगीदादर द्वारा ग्राम भस्करापाली में दीपावली मिलन एवं कार्तिक पूर्णिमा सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। 23 नवंबर 2026 को आयोजित इस सामाजिक समारोह में सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद शामिल हुईं। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) श्री रामलाल चौहान जी सहित समाज के वरिष्ठजनों, जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का समाजजनों द्वारा कर्मा नृत्य दल एवं पारंपरिक बाजे-गाजे के साथ धूमधाम से भव्य स्वागत किया गया। पारंपरिक लोकनृत्य और उत्साहपूर्ण स्वागत ने पूरे आयोजन को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने सहभागिता निभाई और एक-दूसरे से मिलकर दीपावली एवं कार्तिक पूर्णिमा की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती चातुरी नंद ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकता, आपसी भाईचारे और सामूहिक सहभागिता में निहित होती है। ऐसे सामाजिक आयोजन समाज के लोगों को एक मंच पर लाने के साथ ही अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को संरक्षित रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, जागरूकता, सामाजिक समरसता और नई पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
विधायक ने कहा कि समाज के वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन और युवाओं की ऊर्जा मिलकर समाज को नई दिशा दे सकती है। हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सहेजते हुए आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा एवं प्रगति के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि दीपावली मिलन एवं कार्तिक पूर्णिमा जैसे आयोजन आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकजुटता को और मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम को अजा आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान एवं अजा आयोग के पूर्व सदस्य पुनीत राम चौहान ने भी संबोधित किया ।
समारोह की अध्यक्षता चौहान समाज ke जिला अध्यक्ष महासमुंद श्री बंशीलाल ताण्डी जी की ने किया। कार्यक्रम में जिला सचिव श्री प्रेमलाल चौहान जी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री देवप्रसाद चौहान जी, जिला उपाध्यक्ष श्री श्यामसुंदर चौहान जी, जिला संरक्षक श्री मोहन कुलदीप जी, जिला प्रवक्ता श्री गौतम चौहान जी,समाज सेवक कृष्ण कुमार चौहान जी की विशेष उपस्थिति रही।
इसके साथ ही ब्लॉक अध्यक्ष पिथौरा श्री देवेंद्र ताण्डी जी, ब्लॉक अध्यक्ष बसना श्री उदेराम चौहान जी, सरायपाली अध्यक्ष श्री दयाराम ताण्डी जी, बागबाहरा अध्यक्ष श्री हिराराम बेताम जी, महासमुंद अध्यक्ष श्री टोमन सिंह कागजी जी, कसडोल जिला बलौदाबाजार के अध्यक्ष श्री कीर्तन चौहान जी तथा डीएफओ कांकेर श्री अशोक सोनवानी जी सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं सामाजिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्री सुबेसिंह चौहान जी ने किया। आयोजन के माध्यम से समाज की एकता, पारंपरिक संस्कृति, आपसी सहयोग और सामाजिक समरसता का सुंदर संदेश दिया गया। अंत में आयोजक मंडल द्वारा सभी अतिथियों, समाजजनों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Author: Deepak Mittal








