दंतेवाड़ा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज अपने बस्तर प्रवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले मां दंतेश्वरी देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मां दंतेश्वरी के मंदिर में विधिवत पूजन के बाद शाह जगदलपुर के सिरहासार भवन पहुंचे, जहां वे बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार की पारंपरिक रस्म में शामिल होंगे। इसके बाद वे लालबाग मैदान में आयोजित स्वदेशी मेला कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और आम जनता को संबोधित करेंगे।
बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचंद भंजदेव ने बताया कि अमित शाह देश के पहले ऐसे गृहमंत्री हैं, जो इस पारंपरिक मुरिया दरबार में हिस्सा लेने जा रहे हैं। अब तक केवल राज्य के मुख्यमंत्री ही इस परंपरा में शामिल होते रहे हैं। शाह यहां मांझी, चालकी, मेंबर और मेंबरीन समुदायों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।
मुरिया दरबार की परंपरा की बात करें तो यह राजशाही काल से जुड़ी ऐतिहासिक व्यवस्था रही है। बस्तर के राजा दशहरा के बाद दरबार लगाकर जनता की समस्याएं सुनते और उनका समाधान करते थे। वर्तमान में यह परंपरा अब भी जीवित है, और लोकतांत्रिक दौर में इसे राज्य और केंद्र के नेता आगे बढ़ा रहे हैं।
कमलचंद भंजदेव का कहना है कि यह परंपरा जनता और शासन के बीच संवाद का प्रतीक है, और अमित शाह की उपस्थिति से इस आयोजन को नया ऐतिहासिक महत्व मिलेगा।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8219017
Total views : 8261584