Lifestyle: सेहतमंद रहने के लिए आमतौर पर लोग फल, दूध, सब्ज़ियां और नट्स को अपनी डाइट का हिस्सा बनाते हैं। इन सभी खाद्य पदार्थों में कई जरूरी न्यूट्रिएंट्स होते हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। हालांकि, कई ऐसे पारंपरिक खाद्य पदार्थ भी हैं जिनमें रोज़ाना खाए जाने वाले फूड्स से कहीं ज़्यादा पोषक तत्व पाए जाते हैं, लेकिन अक्सर उन्हें नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है।
न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स का कहना है कि हेल्दी खाना जितना ज़रूरी है, उतना ही ज़रूरी है सही और समझदारी से भोजन का चयन करना। कई बार महंगे फूड्स की तुलना में पारंपरिक और सस्ते खाद्य पदार्थों में अधिक न्यूट्रिएंट्स मिल जाते हैं।
तिल में दूध से भी ज़्यादा कैल्शियम
हड्डियों को मज़बूत बनाने के लिए लोग आमतौर पर दूध का सेवन करते हैं, लेकिन तिल में दूध से भी ज़्यादा कैल्शियम पाया जाता है।
करीब 100 ग्राम दूध में लगभग 118 मिलीग्राम कैल्शियम होता है, जबकि 100 ग्राम तिल में करीब 1283 मिलीग्राम कैल्शियम मौजूद होता है। तिल में अच्छे फैट और कई जरूरी मिनरल्स भी होते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार तिल के लड्डू या तिल से बने अन्य व्यंजन खाने से शरीर को भरपूर कैल्शियम मिल सकता है।
हलिम के बीज में पालक से ज़्यादा आयरन
आयरन की कमी दूर करने के लिए आमतौर पर पालक खाने की सलाह दी जाती है। हालांकि, हलिम के बीज (गार्डन क्रेस सीड्स) में पालक से भी अधिक आयरन पाया जाता है।
100 ग्राम पालक में लगभग 2.7 मिलीग्राम आयरन होता है, जबकि 100 ग्राम हलिम के बीजों में करीब 17 मिलीग्राम आयरन मिलता है। इन बीजों का उपयोग पारंपरिक व्यंजनों में लंबे समय से किया जाता रहा है। इन्हें भिगोकर ड्रिंक, लड्डू या दलिया में मिलाकर खाया जा सकता है।
अमरूद में संतरे से अधिक विटामिन C
इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए विटामिन C बेहद जरूरी होता है। अक्सर लोग मानते हैं कि संतरे में सबसे अधिक विटामिन C होता है, लेकिन अमरूद में इसकी मात्रा कहीं अधिक पाई जाती है।
करीब 100 ग्राम संतरे में 53 मिलीग्राम विटामिन C होता है, जबकि 100 ग्राम अमरूद में लगभग 228 मिलीग्राम विटामिन C मौजूद होता है। अमरूद में विटामिन C के साथ फाइबर और पॉलीफेनोल भी होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करते हैं।
एक्सपर्ट्स की सलाह
पोषण विशेषज्ञों का कहना है कि दूध, पालक और संतरे जैसे खाद्य पदार्थों को छोड़ने की जरूरत नहीं है, लेकिन इनके साथ तिल, हलिम के बीज और अमरूद जैसी चीज़ों को भी डाइट में शामिल करना चाहिए। इससे शरीर को ज्यादा पोषक तत्व मिल सकते हैं।
उनका मानना है कि कई बार सबसे ज्यादा पोषण महंगे खाद्य पदार्थों में नहीं, बल्कि पारंपरिक और कम कीमत में मिलने वाले फूड्स में छिपा होता है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8218299
Total views : 8260640