कोरिया: पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नशीली दवाओं के व्यापार में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अभिषेक सारथी उर्फ बाबू को राष्ट्रीय राजमार्ग 43 के ग्राम डुमरिया से गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के पास से 57 नग बुप्रेनार्फिन (इकोप्राईन) 2 एमएल इंजेक्शन, 57 नग एविल वायल 10 एमएल और एक पुराना मोबाइल बरामद किया गया, जिसकी कुल कीमत 6277 रुपये आंकी गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हरे रंग के झोले में नशीली दवाएं लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। इसके बाद थाना प्रभारी पटना, निरीक्षक विनोद पासवान और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
औषधि निरीक्षक द्वारा नशीली दवाओं की जांच के बाद पुष्टि की गई कि आरोपी द्वारा बरामद दवाएं अवैध थीं। आरोपी को NDPS एक्ट की धारा 22(ग) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से नशीली दवाओं के अवैध व्यापार पर एक बड़ा प्रहार हुआ है।
Author: Deepak Mittal









