नागपुर: अभिषेक शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी और रिंकू सिंह की तूफानी फिनिश के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को पहले टी20 मुकाबले में 48 रन से शिकस्त दी। विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मैच के साथ ही टीम इंडिया ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और 27 रन के भीतर दो विकेट गिर गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 47 गेंदों में 99 रन की अहम साझेदारी की। सूर्यकुमार यादव ने 22 गेंदों में एक छक्का और चार चौकों की मदद से 32 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने मात्र 35 गेंदों में आठ छक्के और पांच चौके लगाते हुए 84 रन की धमाकेदार पारी खेली।
मध्यक्रम में हार्दिक पंड्या ने 25 रन का योगदान दिया, वहीं रिंकू सिंह ने 20 गेंदों में तीन छक्कों और चार चौकों के साथ नाबाद 44 रन बनाकर स्कोर को मजबूती दी। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी और काइल जैमीसन ने 2-2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरी ही गेंद पर डेवोन कॉन्वे खाता खोले बिना आउट हो गए, जबकि रचिन रवींद्र भी सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। टीम ने 52 रन तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और टिम रॉबिनसन ने तीसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। रॉबिनसन 21 रन बनाकर आउट हुए। फिलिप्स ने इसके बाद मार्क चैपमैन के साथ 42 गेंदों में 79 रन की साझेदारी कर स्कोर को 131 तक पहुंचाया। ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंदों में छह छक्कों और चार चौकों की मदद से 78 रन की शानदार पारी खेली, जबकि चैपमैन ने 39 रन बनाए।
डेरिल मिचेल ने 28 रन और कप्तान मिचेल सैंटनर ने नाबाद 20 रन जोड़े, लेकिन न्यूजीलैंड की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 190 रन ही बना सकी। भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट झटके, जबकि अर्शदीप सिंह, हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल को 1-1 सफलता मिली।
इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में मजबूत शुरुआत करते हुए दबदबा बना लिया है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8219551
Total views : 8262268