श्रीहरिकोटा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने शुक्रवार को GSLV-F17 की सफल लॉन्चिंग के साथ करीब आठ महीने से जारी लॉन्चिंग के सूखे को खत्म कर दिया। आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्च पैड से 51.7 मीटर लंबे GSLV-F17 रॉकेट ने सुबह 2:55 बजे सफल उड़ान भरी।
यह मिशन GSLV-F17/EOS-05 के नाम से लॉन्च किया गया। 27 घंटे की उल्टी गिनती बुधवार रात 11:30 बजे शुरू हुई थी। लॉन्च के करीब 18 मिनट बाद रॉकेट ने EOS-05 उपग्रह को निर्धारित कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया।
यह जनवरी में PSLV-C62/EOS-N1 मिशन के बाद ISRO की पहली लॉन्चिंग थी। वहीं, GSLV-F17 भारत के GSLV की 19वीं उड़ान रही।
ISRO प्रमुख डॉ. वी. नारायणन ने मिशन की सफलता पर कहा कि GSLV-F17 ने EOS-05 को बेहद सटीकता के साथ उसकी निर्धारित कक्षा में स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि यह जियो ऑर्बिट से भारत का पहला विशेष इमेजिंग उपग्रह होगा और इसके सक्रिय होने के बाद देश को महत्वपूर्ण रणनीतिक डेटा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8235699
Total views : 8283022