छात्रहित में शासन का बड़ा फैसला, खाली सीटों पर अब मिल सकेगा प्रवेश
छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। अब राज्य के शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों में रिक्त सीटों पर विद्यार्थी 31 अगस्त तक प्रवेश ले सकेंगे।

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के कई विद्यार्थी विभिन्न कारणों से निर्धारित समय-सीमा में प्रवेश नहीं ले पाए थे। छात्रहित को ध्यान में रखते हुए प्रवेश की तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, ताकि किसी योग्य विद्यार्थी का एक वर्ष खराब न हो।
इससे पहले उच्च शिक्षा विभाग ने प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई तथा कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त 2026 तक प्रवेश की व्यवस्था निर्धारित की थी। इसके बावजूद कई महाविद्यालयों में सीटें रिक्त रह गईं और अनेक विद्यार्थी समय पर प्रवेश नहीं ले सके।
शासन ने विद्यार्थियों के हित को देखते हुए अब प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी है। विभाग ने इस संबंध में विधिवत आदेश भी जारी कर दिया है।
उच्च शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित अंतिम तिथि से पहले अपने पसंदीदा महाविद्यालय एवं पाठ्यक्रम में प्रवेश सुनिश्चित करें।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8227831
Total views : 8273047