व्हाट्सएप जल्द लाएगा यूजरनेम फीचर, बिना मोबाइल नंबर साझा किए कर सकेंगे चैट

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

मेटा के मालिकाना हक वाले मैसेजिंग प्लेटफॉर्म वॉट्सऐप ने प्राइवेसी को लेकर एक बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने सोमवार को ‘यूजरनेम’ फीचर लाने की घोषणा की।

इस नए फीचर की मदद से यूजर्स अपना फोन नंबर साझा किए बिना ही दूसरों से जुड़ सकेंगे। वॉट्सऐप ने बताया कि इस साल के अंत तक यह फीचर पूरी तरह से लागू हो जाएगा, लेकिन यूजर्स इस हफ्ते से ही अपने पसंद का यूजरनेम रिजर्व करना शुरू कर सकते हैं।

वॉट्सऐप के अनुसार, यूजरनेम फीचर को लोगों को जुड़ने का एक अधिक निजी तरीका देने के लिए डिजाइन किया गया है। अक्सर नए लोगों जैसे क्लासमेट, पड़ोसी या किसी कार्यक्रम में मिले व्यक्ति के साथ फोन नंबर शेयर करना एक बड़ा कदम लगता है।

फोन नंबर निजी होता है और जीवन के कई हिस्सों से जुड़ा होता है। कई बार लोग सिर्फ चैट करना चाहते हैं, लेकिन अपना नंबर नहीं देना चाहते। यह फीचर ऐसी स्थितियों में बहुत काम आएगा।

यूजरनेम की मदद से आप अपनी पहचान सुरक्षित रखते हुए ग्रुप का हिस्सा बन सकते हैं। वॉट्सऐप के हेड कुणाल शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि उन्होंने अपना यूजरनेम पहले ही रिजर्व कर लिया है और अब दुनिया भर के यूजर्स के लिए इसे जल्द ही जारी किया जाएगा।

वॉट्सऐप पर तीन अरब से ज्यादा यूजर्स हैं, इसलिए कई नाम एक जैसे हो सकते हैं। इसी वजह से कंपनी ने रिजर्वेशन की प्रक्रिया जल्दी शुरू की है ताकि हर किसी को अपनी पसंद का नाम चुनने का मौका मिल सके।

यूजर्स को एक अनोखा यूजरनेम चुनना चाहिए जो सिर्फ उन्हीं लोगों को पता हो जिनसे वे बात करना चाहते हैं। ऐप के भीतर एक ‘यूजरनेम जनरेटर’ भी होगा जो उपलब्ध नामों के विकल्प सुझाएगा।

यूजर्स एक वैकल्पिक ‘यूजरनेम की’ (Username Key) भी लगा सकते हैं। इसके बिना कोई भी व्यक्ति आपको पहला मैसेज नहीं भेज पाएगा। अपना यूजरनेम रिजर्व करने के लिए यूजर्स को ऐप के लेटेस्ट वर्जन में ‘सेटिंग्स > अकाउंट > यूजरनेम’ पर जाना होगा। इसमें सिर्फ कुछ सेकंड का समय लगता है।

आने वाले महीनों में यह फीचर धीरे-धीरे सभी देशों में रोल आउट होगा और उपलब्ध होने पर यूजर्स को ऐप के अंदर नोटिफिकेशन मिल जाएगा। यह कदम वॉट्सऐप को और अधिक सुरक्षित और निजी बनाने की दिशा में उठाया गया है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

August 2026
S M T W T F S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031  

Leave a Comment