नई दिल्ली: Delhi के Badarpur थाना क्षेत्र के मोलरबंद इलाके में आग लगने की दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक घर की छत पर बने वॉशरूम में अचानक आग लगने से 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान वीनू सिंह के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
वॉशरूम में अचानक लगी आग
जानकारी के अनुसार घर की छत पर बने वॉशरूम का इस्तेमाल मुख्य रूप से वीनू सिंह ही करती थीं। शनिवार शाम जब वह वॉशरूम गईं, तभी अचानक अंदर से तेज आवाज आई और धुआं निकलने लगा।
परिवार के लोग जब छत पर पहुंचे तो देखा कि महिला वॉशरूम के अंदर बुरी तरह झुलस चुकी थीं। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गैस पाइपलाइन में लीकेज का दावा
मृतका की बहू ममता सिंह ने बताया कि करीब दो महीने पहले घर में पाइपलाइन गैस का कनेक्शन लगाया गया था और उसी लाइन में लीकेज की समस्या थी।
उनका कहना है कि वॉशरूम में गैस भर गई होगी, लेकिन इसकी गंध नहीं आने से बुजुर्ग महिला को इसका पता नहीं चला। उन्होंने बीड़ी जलाई तो अचानक आग लग गई और वह इसकी चपेट में आ गईं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही गैस पाइपलाइन और घटनास्थल की जांच की जा रही है ताकि आग लगने की सही वजह का पता लगाया जा सके।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8187249
Total views : 8221082