नई दिल्ली: इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप WhatsApp ने ग्रुप चैट्स को और आसान बनाने के लिए एक नया फीचर पेश किया है। ‘ग्रुप मैसेज हिस्ट्री’ नाम के इस फीचर की मदद से अब किसी ग्रुप में नए जुड़े सदस्य पुराने जरूरी मैसेज पढ़ सकेंगे और बातचीत का पूरा संदर्भ समझ पाएंगे।
क्या है नया फीचर?
अक्सर देखा जाता है कि किसी ग्रुप में नए मेंबर के जुड़ते ही उसे पुरानी बातचीत समझाने के लिए मैसेज फॉरवर्ड करने या स्क्रीनशॉट भेजने पड़ते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए WhatsApp ने यह सुविधा शुरू की है। इसके जरिए नए सदस्य ग्रुप में शामिल होते ही हाल के चुने हुए मैसेज देख सकेंगे।
कैसे करेगा काम?
जब किसी ग्रुप में नया यूजर जोड़ा जाएगा, तो एडमिन और मौजूदा मेंबर्स के पास हाल के मैसेज शेयर करने का विकल्प होगा। पूरी चैट हिस्ट्री भेजने की बजाय वे 25 से 100 के बीच जरूरी मैसेज चुनकर नए सदस्य के साथ साझा कर सकेंगे। इससे नए मेंबर को बातचीत का जरूरी कॉन्टेक्स्ट मिल जाएगा, बिना शुरुआत से पूरी चैट पढ़े।
पारदर्शिता और सिक्योरिटी का ध्यान
कंपनी के अनुसार, जैसे ही मैसेज हिस्ट्री शेयर की जाएगी, ग्रुप के सभी सदस्यों को इसकी सूचना दी जाएगी। शेयर किए गए मैसेज में टाइमस्टैम्प और सेंडर की जानकारी स्पष्ट रूप से दिखाई देगी, ताकि वे सामान्य मैसेज से अलग पहचाने जा सकें।
साथ ही, ग्रुप एडमिन के पास इस फीचर को डिसेबल करने का विकल्प भी होगा। हालांकि जरूरत पड़ने पर एडमिन हमेशा चैट हिस्ट्री शेयर कर सकेंगे। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि अन्य पर्सनल मैसेज की तरह यह फीचर भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेगा।
यह नया फीचर फिलहाल चरणबद्ध तरीके से रोल आउट किया जा रहा है और आने वाले समय में सभी यूजर्स को उपलब्ध होगा।
Author: Deepak Mittal









