जांजगीर-चांपा: जिले में ऑनर किलिंग जैसा सनसनीखेज मामला सामने आया है। बहन के प्रेम संबंध से नाराज भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के धरदेई राहौद चौकी इलाके की है। बीते 11 फरवरी की शाम तालाब में एक युवक का शव मिला था। मृतक के माथे पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
जांच में मृतक की पहचान राहुल, निवासी दर्दा थाना क्षेत्र के रूप में हुई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 103(1), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि राहुल शिवरीनारायण मेला देखने के बाद अपनी मौसी के घर ग्राम धरदेई जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे रास्ते में घेर लिया और धारदार चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को तालाब में फेंक दिया गया।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए एक नाबालिग आरोपी ने हत्या की साजिश का खुलासा किया। उसने बताया कि गांव के मनीष (मुख्य आरोपी) की बहन के साथ राहुल का प्रेम संबंध था, जिससे मनीष नाराज था। बदला लेने की नीयत से उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई। मेले वाले दिन सभी आरोपियों ने राहुल को घेरकर उस पर हमला किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष चौहान, राजवीर आडिल, साहिल सूर्यवंशी और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8235498
Total views : 8282789