रांची: रांची के लोअर वर्धमान कंपाउंड स्थित गुलमोहर पार्क में शनिवार देर रात एक व्यक्ति की नृशंस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार सुबह पार्क में शव मिलने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी मधेश्वर सिंह के रूप में की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रिम्स भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित स्थानीय लोग रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे शव के साथ लालपुर चौक पहुंच गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे क्षेत्र में यातायात पूरी तरह ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इलाके में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की गश्ती और निगरानी प्रभावी नहीं है। उन्होंने मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी साक्षी जमुआर के नेतृत्व में लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार और सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किए जाने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद काफी देर से जारी सड़क जाम हटाया गया, जिसके बाद लालपुर चौक पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
Author: Deepak Mittal









