नई दिल्ली: शरीर को स्वस्थ रखने में एंटीऑक्सीडेंट्स की अहम भूमिका होती है। ये फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से कोशिकाओं की रक्षा करते हैं, जिससे इम्युनिटी मजबूत होती है, त्वचा स्वस्थ रहती है और बुढ़ापे की प्रक्रिया धीमी पड़ती है। ऐसे में एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर अखरोट को सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है।
अखरोट न केवल एंटीऑक्सीडेंट्स, बल्कि ओमेगा-3 फैटी एसिड, विटामिन ई, प्रोटीन और कई जरूरी पोषक तत्वों का समृद्ध स्रोत है। इन्हीं गुणों के कारण इसे ‘ब्रेन का पावर हाउस’ भी कहा जाता है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अनुसार, अखरोट का नियमित सेवन ऊर्जा बढ़ाने, स्मरण शक्ति और याददाश्त मजबूत करने के साथ-साथ कैंसर के खतरे को कम करने में सहायक हो सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक अखरोट तनाव को कम करता है, मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है और एकाग्रता बढ़ाने में मदद करता है। आयुर्वेद में अखरोट को बलवर्धक और तासीर में गर्म माना गया है, जिससे यह खासतौर पर सर्दियों में लाभकारी होता है। इसके सेवन से थकान दूर होती है, शरीर में गर्मी बनी रहती है और कमजोर याददाश्त या भूलने की समस्या में भी राहत मिल सकती है।
इसके अलावा अखरोट दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद हैं। इनमें मौजूद गुड फैट्स कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने, सूजन कम करने और हृदय रोगों के जोखिम को घटाने में मदद करते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि रोजाना 7 से 8 अखरोट या भीगे हुए अखरोट का सेवन करना सबसे बेहतर होता है। इन्हें सुबह खाली पेट, दूध के साथ या सलाद, दही और ओट्स में मिलाकर भी खाया जा सकता है। हालांकि, जरूरत से ज्यादा अखरोट खाने से वजन बढ़ने या पेट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए संतुलित मात्रा में सेवन करने की सलाह दी जाती है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8203320
Total views : 8242045