नागपुर: बीएमसी चुनाव को लेकर मतदान जारी है और मतदाता सुबह से ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में परिवार के साथ मतदान किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत पक्की है।
विपक्षी नेताओं के बयानों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि विपक्ष को अब एक नई स्क्रिप्ट लिखनी चाहिए। उनकी मौजूदा स्क्रिप्ट पुरानी हो चुकी है। उन्होंने कहा, “विपक्ष हाईकोर्ट में हार गया, सुप्रीम कोर्ट में भी हार गया, फिर भी उसी पुरानी स्क्रिप्ट पर चल रहा है। इससे साफ जाहिर होता है कि उन्हें अपनी हार पहले से नजर आ रही है और वे उसी की तैयारी कर रहे हैं।”
नागपुर की एक घटना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके उम्मीदवार भूषण शिंगडे पर हमला किया, जिसमें उनका हाथ टूट गया और सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष चुनाव नहीं जीत पाता, तो इस तरह की हिंसा लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास है। हालांकि, जनता ऐसे लोगों को जरूर जवाब देगी।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान बेहद जरूरी है। वोट देना न सिर्फ अधिकार है, बल्कि नागरिकों का कर्तव्य भी है। उन्होंने लोगों से घर पर न बैठने और लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया।
चुनाव के दौरान स्याही को लेकर उठे विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे को सावधानी से हैंडल किया जाना चाहिए। अगर किसी को कोई आपत्ति है तो उसे चुनाव आयोग के सामने रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव निष्पक्ष होने चाहिए, लेकिन हर छोटी बात पर बेवजह विवाद खड़ा करना ठीक नहीं है।
Author: Deepak Mittal









