रायगढ़: सड़क सुरक्षा माह के बीच परिवहन विभाग ने नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले में चल रहे सघन जांच अभियान के तहत रेंगालपाली चेकपोस्ट पर गुरुवार को अचानक कार्रवाई की गई, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
जांच के दौरान बिना रिफ्लेक्टर के सड़क पर दौड़ रहे 63 वाहनों को रोका गया। परिवहन विभाग ने मोटर व्हीकल एक्ट 1988 की धारा 104/177 के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 31 हजार 500 रुपये का चालान काटा। कार्रवाई इतनी सख्त थी कि कई वाहन चालक मौके पर ही असहज नजर आए।
👉 रात के अंधेरे में बन रहे थे हादसों के खतरे
अधिकारियों ने बताया कि बिना रिफ्लेक्टर वाहन रात के समय दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं। इसी को देखते हुए चालानी कार्रवाई के साथ-साथ मौके पर ही वाहनों में रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए, ताकि भविष्य में जानलेवा हादसों की आशंका कम की जा सके।
👉 प्रशासन का साफ संदेश – नियम तोड़े तो बख्शा नहीं जाएगा
परिवहन अधिकारी ने दो टूक कहा कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Author: Deepak Mittal









