दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां मामूली समझाइश एक बुजुर्ग की मौत का कारण बन गई। सड़क पर लापरवाही से बाइक चला रहे युवक को टोकना कैंसर पीड़ित बुजुर्ग को इतना भारी पड़ा कि स्टंटबाज युवक ने बेरहमी से पीट-पीटकर उनकी जान ले ली।
यह सनसनीखेज घटना छावनी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार विक्रम राय (66 वर्ष), जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे, अपने साथी सुनील राय के साथ एक ही बाइक पर लिंक रोड कैंप-2 से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक युवक तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से बाइक चलाते हुए अन्य वाहनों को परेशान कर रहा था।
सड़क पर खतरा देखते हुए विक्रम राय ने युवक को सही तरीके से बाइक चलाने की समझाइश दी। बस यही बात युवक के गुस्से की चिंगारी बन गई।
सड़क पर रोकी बाइक, फिर बरसी हैवानियत
आरोप है कि युवक ने आगे जाकर बुजुर्ग की बाइक रुकवाई और उनसे बहस करने लगा। कुछ ही पलों में विवाद हिंसा में बदल गया। युवक ने हाथ-मुक्कों से विक्रम राय पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सुनील राय पर भी हमला किया गया, जिससे उन्हें चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
इतना ही नहीं, आरोपी ने अपने कुछ दोस्तों को भी मौके पर बुला लिया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। हमले में गंभीर रूप से घायल विक्रम राय को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
स्टंटबाज युवक गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी की और कुछ ही समय में मुख्य आरोपी सुकांत उर्फ चिरागन सोनकर (19 वर्ष), निवासी लिंक रोड कैंप-2, को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय आरोपी के साथ और कौन-कौन शामिल था।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि सड़क पर स्टंटबाजी और गुस्से की कीमत आखिर कितनी भारी पड़ सकती है।
Author: Deepak Mittal









