फिलीपींस में एक बार फिर भूकंप के तेज झटकों ने लोगों की नींद उड़ा दी। बुधवार (7 जनवरी) को देश के दक्षिणी समुद्र तट के पास 6.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वे (USGS) के मुताबिक, शुरुआत में भूकंप की तीव्रता 6.7 बताई गई थी, लेकिन बाद में इसे संशोधित कर 6.4 कर दिया गया।
समुद्र के भीतर था भूकंप का केंद्र
USGS के अनुसार, भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप के सैंटियागो शहर से करीब 27 किलोमीटर पूर्व समुद्र में स्थित था। यह झटका जमीन से लगभग 58.5 किलोमीटर गहराई में आया, जिसकी वजह से आसपास के इलाकों में तेज कंपन महसूस किया गया।
झटकों से मची अफरा-तफरी
भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। कुछ ही सेकंड में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है और न ही सुनामी की कोई चेतावनी जारी की गई है।
‘कारें तक हिलती नजर आईं’
पूर्वी प्रांत दावाओ ओरिएंटल में राहत कार्य से जुड़े नैश परागास ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया,
“मैंने झटके महसूस किए। मैंने कुछ कारों को हिलते हुए देखा, लेकिन यह बहुत थोड़ी देर के लिए था। शायद यह सब सिर्फ पांच सेकंड तक चला।”
प्रशासन अलर्ट मोड में
भले ही नुकसान की खबर सामने नहीं आई है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। भूकंप संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
Author: Deepak Mittal









