रायगढ़: जंगली सुअर के शिकार के लिए अवैध रूप से बिजली का करंट बिछाना दो लोगों की जान पर भारी पड़ गया। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से हुई दो मौतों के मामले में पुलिस ने नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने हाई टेंशन लाइन से अवैध हुकिंग कर जंगल में करंट फैलाया था और बाद में साक्ष्य छिपाने की भी कोशिश की गई।
लापता होने से शव मिलने तक का पूरा मामला
ग्राम छोटे रेगड़ा निवासी पुनीलाल यादव उर्फ मंत्री और संदीप एक्का के लापता होने की रिपोर्ट 12 दिसंबर 2025 को चक्रधरनगर थाने में दर्ज कराई गई थी। परिजनों के मुताबिक दोनों 9 दिसंबर को घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे।
13 दिसंबर को ग्राम संबलपुरी से बहने वाली नदी किनारे टिकरा क्षेत्र में दोनों के शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने मर्ग पंचनामा कर शवों का पोस्टमार्टम कराया। प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत का कारण बिजली करंट बताया गया।
बेटे की जानकारी से खुला राज
मृतक पुनीलाल यादव के पुत्र विजय यादव से दोबारा पूछताछ में अहम खुलासा हुआ। उसने बताया कि 9 दिसंबर को पुनीलाल यादव और संदीप एक्का कुछ लोगों के साथ जंगली सुअर के शिकार पर गए थे, जहां पहले से करंट बिछाया गया था। इसी दौरान दोनों उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद आरोपियों ने शवों को झाड़ियों में छिपाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
अवैध हुकिंग से फैला करंट
विवेचना में पता चला कि शिकार के लिए हाई टेंशन बिजली खंभे से अवैध हुकिंग कर तार बिछाया गया था। शिकार फंसा है या नहीं देखने के दौरान दोनों मृतक तार की चपेट में आ गए। घटना में साथ मौजूद एक नाबालिग बालक के पैर में भी करंट से जलने की चोट आई।
आरोपी आकाश टोप्पो के मेमोरेंडम कथन पर करंट बिछाने में प्रयुक्त तार बरामद किया गया।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले में धारा 105, 238(ख), 3(5) बीएनएस और धारा 135 विद्युत अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों में—
-
आकाश टोप्पो (18 वर्ष)
-
जयकिशन एक्का (19 वर्ष)
-
रमेश उरांव (60 वर्ष)
-
राजू टोप्पो (19 वर्ष)
सभी निवासी ग्राम छोटे रेगड़ा, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ शामिल हैं।
एक विधि से संघर्षरत नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के मार्गदर्शन में पूरे मामले की गंभीरता से जांच की गई। चक्रधरनगर थाना प्रभारी उप निरीक्षक गेंदलाल साहू, सहायक उप निरीक्षक नंद कुमार सारथी और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध बिजली हुकिंग और खतरनाक तरीके से शिकार करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155715
Total views : 8176198