सरकंडा, बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर घर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया विवो मोबाइल फोन, चार्जर और 2,000 रुपए नगद समेत कुल 6,000 रुपए का सामान बरामद किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कैसे हुई वारदात
घटना 28 नवंबर रात लगभग 12:30 बजे भाठापारा खमतराई निवासी अभ्यय भारतीय शोखावत राजपूत जैन के घर हुई। वे ऑटो चलाकर लौटे तो घर के सामने एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जो उन्हें देखते ही भाग गया। जब वे घर में घुसे, तो पाया कि दो युवक उनके मंझले भाई के कमरे में बैग खंगाल रहे थे। जांच में पता चला कि आरोपियों ने कमरे से 2,000 रुपए नकद और मोबाइल व चार्जर चोरी कर लिया है।
चोरी का मोबाइल बेचने की जुगत में था आरोपी
पुलिस को सूचना मिली कि खमतराई क्षेत्र में एक युवक चोरी का मोबाइल बेचने ग्राहक तलाश कर रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर बनाई गई टीम ने तुरंत कार्रवाई की।
पहला आरोपी गिरफ्तार:
संदेही उत्तम साहू उर्फ सिद्धू (19 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों—
-
अजय चौहान (20 वर्ष), निवासी अटल आवास, सरकंडा
-
रेहान खान उर्फ मोमीन उर्फ मैहफूज (20 वर्ष), निवासी बंधवापारा, चौबे कॉलोनी
—के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूल की।
तीनों आरोपी पकड़े गए, सामान बरामद
उत्तम साहू के मेमोरण्डम के आधार पर पुलिस ने चोरी किया गया मोबाइल बरामद किया। उसके बाद अन्य दोनों आरोपियों को भी घरों से पकड़ लिया गया। तीनों के कब्जे से मोबाइल फोन व चोरी की नकदी बरामद हुई।
पुलिस की तत्परता की सराहना
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह कदम जिले में अपराध पर रोक लगाने के लिए एक मजबूत संदेश है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी चोरी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधियों पर शीघ्र कार्रवाई की जा सके।
सरकंडा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों, विशेषकर युवाओं द्वारा की जा रही इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
Author: Deepak Mittal







Total Users : 8209966
Total views : 8250294