जशपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने पुराना नगर तुरीटोंगरी इलाके में हुई रहस्यमयी हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं।
यह मामला 18 अक्टूबर का है, जब तुरीटोंगरी क्षेत्र में एक अधजली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। जांच में मृतक की पहचान सीटोंगा निवासी सीमित खाखा (28 वर्ष) के रूप में हुई। शव का बड़ा हिस्सा जला हुआ था — आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए उसे आग के हवाले कर दिया था।
कमीशन विवाद में हुई थी हत्या
पुलिस जांच में पता चला कि सीमित खाखा अपने गांव के साथियों के साथ हजारीबाग (झारखंड) में काम करने गया था। लौटने के बाद कमीशन के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ, जिसके चलते उसके साथियों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को तुरीटोंगरी के जंगल में गड्ढे में डालकर जला दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामजीत राम (25 वर्ष), वीरेन्द्र राम (24 वर्ष) और एक 17 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है — तीनों सीटोंगा गांव के निवासी हैं।
घटनास्थल पर रीक्रिएशन, हथियार जब्त
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, लोहे की छड़ और कपड़े बरामद किए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में पहले लोहे की छड़ से सिर पर वार किया, फिर चाकू से सीने पर हमला कर सीमित की हत्या कर दी।
पुलिस ने डमी के माध्यम से घटनास्थल पर वारदात की पुनर्रचना (रीक्रिएशन) भी कराई। मामले में बीएनएस की धारा 103(1), 238(क) और 61(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
दो आरोपी अब भी फरार
गिरफ्तार वयस्क आरोपी रामजीत राम और वीरेन्द्र राम को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने पेशेवर तरीके से इस “अंधे कत्ल” की गुत्थी सुलझाई है। फरार दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8181454
Total views : 8213315