ब्लू वाटर खदान हादसा: दो दोस्तों में से एक का मिला शव, दूसरे की तलाश जारी
पिकनिक मनाने पहुंचे थे दोनों किशोर, गहराई में उतरने से डूबे पानी में
रायपुर। नवा रायपुर स्थित ब्लू वाटर खदान में पिकनिक मनाने पहुंचे दो किशोरों में से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा अब तक लापता है। शनिवार दोपहर गोताखोरों की टीम ने चार घंटे की मशक्कत के बाद 15 वर्षीय जयेश साहू का शव बरामद किया। वहीं उसके साथी मृदुल वजरिया की तलाश रविवार को भी जारी रहेगी।
जानकारी के मुताबिक, कबीर नगर निवासी संजय साहू का बेटा जयेश अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने ब्लू वाटर खदान पहुंचा था। भोजन के बाद जयेश और मृदुल नहाने के लिए पानी में उतर गए। पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों डूब गए। जयेश को तैरना नहीं आता था, जबकि मृदुल थोड़ा बहुत तैर लेता था।
घटना की सूचना मिलते ही गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और बांस डालकर पानी की गहराई मापने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया। करीब चार घंटे की मेहनत के बाद जयेश का शव पानी की सतह पर आ गया। उसे बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
वहीं मृदुल का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। उसके परिजन देर शाम तक खदान किनारे बैठे रहे, इस उम्मीद में कि वह सुरक्षित मिल जाएगा। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने रविवार को भी तलाशी अभियान जारी रखने की बात कही है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8207769
Total views : 8247579