गुप्त फैक्ट्री में चल रहा था जहर का कारोबार! धमतरी में पान मसाला मैन्युफैक्चरिंग मशीन जब्त, 14 लाख का माल बरामद

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

गुप्त फैक्ट्री में चल रहा था जहर का कारोबार! धमतरी में पान मसाला मैन्युफैक्चरिंग मशीन जब्त, 14 लाख का माल बरामद

एसपी के निर्देश पर रूद्री पुलिस की बड़ी कार्रवाई — बिना अनुमति चल रहा था पान मसाला निर्माण, आरोपी गिरफ्तार और जेल भेजा गया

धमतरी। पुलिस ने जिले में मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक अवैध पान मसाला निर्माण का पर्दाफाश किया है। एसपी के निर्देशन में थाना प्रभारी रूद्री ने खाद्य विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में “अवैध पान मसाला मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री” पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की है।

कार्यवाही के दौरान ग्राम शकरवारा, थाना रूद्री स्थित आरोपी प्रहलाद उर्फ पहलू मूलवानी (49 वर्ष) के गोदाम मकान पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान आरोपी द्वारा “आशिकी” नामक पान मसाला का बिना अनुमति निर्माण और भंडारण किया जाना पाया गया।

पुलिस ने मौके से पान मसाला मैन्युफैक्चरिंग मशीन, कच्चा माल, तैयार पैकेट और पैकिंग सामग्री सहित करीब ₹14 लाख का सामान जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 46/2025, धारा 318 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी प्रहलाद उर्फ पहलू मूलवानी, निवासी सिहावा चौक, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी का है। वह लंबे समय से अवैध तरीके से पान मसाला तैयार कर स्थानीय बाजारों में सप्लाई कर रहा था।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध व्यापार, मादक पदार्थों और जनस्वास्थ्य को प्रभावित करने वाले उत्पादों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि समाज में इस तरह के “जहर के कारोबार” पर रोक लगाई जा सके।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment