महापौर के खिलाफ अश्लील टिप्पणी मामले में आरोपी गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

सिविल लाइन पुलिस ने विजय उर्फ सोनू महेश्वरी को किया गिरफ्तार, मोबाइल फोन जब्त

रायपुर। महापौर रायपुर के विरुद्ध अश्लील गाली-गलौज और आपत्तिजनक टिप्पणी से संबंधित वीडियो बनाने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय उर्फ सोनू महेश्वरी (24) निवासी देवपुरी, आमातालाब, दुर्गा मंदिर के पास, थाना टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अनिल सोनकर ने 3 सितंबर 2026 को थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने महापौर के खिलाफ अश्लील गाली-गलौज करते हुए वीडियो बनाया। आरोप है कि उक्त वीडियो को मिरर छत्तीसगढ़ की एंकर सोमा देवांगन द्वारा आपत्तिजनक शब्दों को हटाए बिना प्रसारित किया गया, जिससे सामाजिक अशांति फैलने की आशंका जताई गई।

शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 475/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी सिविल लाइन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रार्थी एवं गवाहों से पूछताछ की तथा वीडियो से जुड़े अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने विजय उर्फ सोनू महेश्वरी को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment