जे के मिश्र
जिला ब्यूरो चीफ
नवभारत टाइम्स 24*7in बिलासपुर
बिलासपुर। पूर्व विधायक शैलेष पांडेय से फिरौती की मांग करने वाले आरोपी को बिलासपुर पुलिस ने जबरदस्त तत्परता दिखाते हुए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर सकरी पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया, जिससे पुलिस की चुस्ती और कार्रवाई की सराहना हो रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बच्चू झा उर्फ बबूवा पांडेय उर्फ बच्चा यादव (30 वर्ष), पिता प्रीतनाथ झा, निवासी वार्ड क्रमांक 10, रहिका थाना, जिला मधुबनी (बिहार) के रूप में हुई है।
मामला कैसे आया सामने?
दिनांक 25 जून 2025 को पूर्व विधायक शैलेष पांडेय, निवासी आसमा सिटी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात शख्स ने उनके मोबाइल पर कॉल कर उनकी परिचित महिला की बेटी, जो दिल्ली में पढ़ाई कर रही है, को अगवा करने की धमकी दी और ₹20 लाख की फिरौती की मांग की।
पुलिस की तेज़ कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल के मार्गदर्शन में डीएसपी रोशन आहुजा और थाना प्रभारी सकरी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
टीम को उत्तर प्रदेश भेजा गया, जहां वाराणसी और प्रयागराज पुलिस, जीआरपी एवं आरपीएफ के सहयोग से प्रयागराज रेलवे स्टेशन में घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा गया।
प्रारंभिक पूछताछ में हुआ खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पहले शिकायतकर्ता की परिचित महिला की भतीजी के संपर्क में था। बातचीत बंद हो जाने के बाद उसने बदला लेने की मंशा से यह आपराधिक कृत्य किया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना सकरी पुलिस और एसीसीयू टीम की अहम भूमिका रही, जिसने बिना देरी किए आरोपित तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया गया।
यह घटना यह दर्शाती है कि बिलासपुर पुलिस अब हाई-प्रोफाइल मामलों में भी त्वरित, पेशेवर और गंभीर कार्रवाई कर रही है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी न केवल एक बड़ी सफलता है, बल्कि कानून व्यवस्था में जनता के भरोसे को भी मज़बूत करती है।
Author: Deepak Mittal









