“छत्तीसगढ़ में नशे में धुत डॉक्टर ने XUV से मवेशी को मारी टक्कर, मौके पर मौत – FIR दर्ज, जनप्रतिनिधियों में आक्रोश”

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआपारा में बुधवार शाम को एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना हुई, जब एक डॉक्टर ने कथित रूप से नशे में धुत होकर अपनी XUV वाहन से एक मवेशी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई और वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा।

जानकारी के अनुसार, यह घटना शाम करीब 4 बजे की है। राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉक्टर प्रशांत कुमार पंखा, पिता शोभनाथ (33 वर्ष), जब अपनी XUV से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए एक मवेशी को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि डॉक्टर उस समय शराब के नशे में थे।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह मौके पर पहुंचे। इस घटना को लेकर जनप्रतिनिधियों में भारी नाराज़गी देखी गई। जिला पंचायत सदस्य रवि प्रताप मरावी, चतुर्भुज कुमार, संतोष तिवारी, विष्णुदेव, प्रदीप जायसवाल और तेज कुमार शांडिल्य समेत कई लोग राजपुर थाने पहुंचे और डॉक्टर के नशे में वाहन चलाने की घटना को बेहद निंदनीय बताया।

थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि आरोपी डॉक्टर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 325 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 285 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment