“बच्चों से मिला यह पुरस्कार, बच्चों के लिए ही समर्पित”
रामानुजनगर – सूरजपुर जिले में राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक योगेश कुमार साहू ने अपनी इस उपलब्धि की खुशी विद्यार्थियों के साथ साझा करते हुए शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पतरापाली के 110 विद्यार्थियों एवं 40 ग्रामीण एवं शिक्षकों को न्योता भोज कराया। शिक्षक द्वारा आयोजित इस विशेष भोज में विद्यार्थियों ने बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ सहभागिता की। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त करने के बाद शिक्षक योगेश साहू ने अपनी खुशी को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित न रखते हुए इसे अपने विद्यार्थियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनकी इस उपलब्धि में उनके विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी भावना के साथ उन्होंने सबसे पहले अपने विद्यालय के बच्चों को भोजन कराने का निर्णय लिया। न्योता भोज में विद्यार्थियों के लिए स्वादिष्ट एवं विविध व्यंजनों की व्यवस्था की गई। बच्चों को केला, गुलाब जामुन, लड्डू, पूड़ी, छोला, पापड़, अचार, दाल, चावल एवं स्वादिष्ट सब्जी परोसी गई। मनपसंद व्यंजन पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भोजन का आनंद लिया और अपने शिक्षक को राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


“बच्चों से मिला यह पुरस्कार, बच्चों के लिए”
इस अवसर पर शिक्षक योगेश साहू ने भावुक होते हुए कहा कि “मुझे यह राज्यपाल पुरस्कार मेरे इन्हीं बच्चों के कारण मिला है। इसलिए सबसे पहले इन्हीं बच्चों को भोग लगाकर मीठा खिलाया। यह पुरस्कार केवल मेरा नहीं है, बल्कि मेरे बच्चों की मेहनत, विद्यालय परिवार के सहयोग और सभी मार्गदर्शकों के आशीर्वाद का परिणाम है।” उन्होंने आगे कहा कि इस उपलब्धि की यात्रा में कलेक्टर महोदया, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती लता बेक, डीएमसी मनोज साहू, बीईओ अवधेश साहू, शिक्षकगण एवं सहकर्मियों का निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग प्राप्त हुआ। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और वे आगे भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि “यह पुरस्कार बच्चों के लिए समर्पित है। बच्चों से मिला यह पुरस्कार बच्चों के लिए ही है।”

न्योता भोज से बढ़ता है अपनापन
छत्तीसगढ़ शासन की ‘न्योता भोज’ पहल का उद्देश्य समुदाय, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं अन्य सहयोगियों की सहभागिता से शासकीय विद्यालयों के बच्चों को पौष्टिक, स्वादिष्ट एवं रुचिकर भोजन उपलब्ध कराना तथा विद्यालय और समाज के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करना है। शिक्षक योगेश साहू द्वारा पुरस्कार की खुशी में विद्यार्थियों के लिए आयोजित यह न्योता भोज इसी भावना का सुंदर उदाहरण रहा।
न्योता भोज के आयोजन ने पुरस्कार की खुशी को और भी खास बना दिया। एक ओर जहां शिक्षक ने अपनी उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों को देते हुए उन्हें भोजन कराया, वहीं दूसरी ओर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षक के सम्मान को अपनी खुशी से जोड़ते हुए उन्हें बधाई दी।

अधिकारी, संकुल प्राचार्य एवं शिक्षकों ने दी बधाई
राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित होने पर विभागीय अधिकारी, संकुल प्राचार्य सहित शिक्षकगण एवं सहकर्मियों ने भी शिक्षक योगेश साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान शिक्षक की मेहनत, नवाचार, समर्पण एवं विद्यार्थियों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। शिक्षकों ने इसे पूरे विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।

इस अवसर ने शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच विश्वास, स्नेह और आत्मीयता की भावना को और मजबूत किया। राज्यपाल पुरस्कार की खुशी में आयोजित यह न्योता भोज न केवल बच्चों के लिए स्वादिष्ट भोजन का अवसर बना, बल्कि यह संदेश भी दिया कि शिक्षक की सफलता और विद्यार्थियों की सफलता एक-दूसरे से जुड़ी हुई है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8237959
Total views : 8285794