रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान की चर्चाओं के बीच पार्टी प्रभारी सचिन पायलट ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कांग्रेस में किसी तरह का मतभेद नहीं है। राजीव भवन में मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पायलट ने कहा,
“कोई लाख कोशिश कर ले, कांग्रेस में दरार नहीं है। हम एकजुट हैं और हर मोर्चे पर संघर्ष कर रहे हैं।”
इस दौरान सचिन पायलट प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ मीडिया के सामने आए।
बैज और महंत को सराहा, भाजपा पर हमला
पायलट ने कहा कि दीपक बैज ने अपनी पदयात्रा के माध्यम से जनता की आवाज़ को सड़कों पर लाया, वहीं डॉ. चरणदास महंत ने विधानसभा में जनता के मुद्दे प्रभावशाली ढंग से उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर वर्ग की आवाज़ को मजबूती से उठा रही है।
उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर हमला करते हुए कहा,
“यह सरकार दिल्ली से चल रही है और छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदाओं को कुछ गिने-चुने लोगों के हाथों सौंपा जा रहा है।”
‘किसान-जवान-संविधान’ सभा का एलान
पायलट ने बताया कि 7 जुलाई को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में ‘किसान-जवान-संविधान सभा’ का आयोजन किया जाएगा, जिसे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल संबोधित करेंगे।
उद्योग और संसाधनों पर कांग्रेस का रुख
पायलट ने कहा कि कांग्रेस उद्योगों के विकास की पक्षधर है, लेकिन इसके लिए पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा जरूरी है। उन्होंने कहा कि जमीन मालिकों को प्रक्रिया में शामिल किए बिना किसी भी विकास की बात अधूरी है।
उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा,
“जब भाजपा हर मोर्चे पर फेल हो गई, तो अब ध्रुवीकरण और नफरत की राजनीति कर रही है।”
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8182062
Total views : 8214145