गरियाबंद, फिंगेश्वर नगर:
फिंगेश्वर नगर में एक भयानक दुर्घटना सामने आई है, जहां ट्रांसफार्मर पर डीओ (ड्रॉपआउट फ्यूज) चढ़ाने के दौरान 28 वर्षीय ठेका श्रमिक वेद राम साहू करंट की चपेट में आ गया। घटना इतनी भयावह थी कि करंट लगते ही युवक के दोनों पैरों में घुटनों के नीचे से चिंगारी और धुआं निकलने लगा।
घायल वेद राम को तत्काल फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर के कालड़ा बर्न हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। डॉक्टर विपिन लहरे ने बताया कि वेद राम के दोनों पैर झुलस गए हैं और सिर में गंभीर चोट का भी खतरा है।
हादसे के समय ट्रांसफार्मर में 33 केवी की सप्लाई अचानक चालू हो गई थी। घटना की जांच में यह भी सामने आया है कि यह काम बिना किसी वैध परमिट या तकनीकी ज्ञान के किया जा रहा था। वेद राम न तो विभागीय कर्मचारी थे और न ही किसी प्रशिक्षित कर्मी की देखरेख में थे, बावजूद इसके उन्हें यह जोखिम भरा काम सौंपा गया था।
पुलिस और विद्युत विभाग इस गंभीर घटना की जांच कर रहे हैं, साथ ही इस प्रकार के हादसों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8202823
Total views : 8241351