संवाददाता – निर्मल अग्रवाल, ब्यूरो प्रमुख मुंगेली | संपर्क: 8959931111
सरगांव (मुंगेली) – सरगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सावंतपुर हाट बाजार एवं नगर पंचायत सरगांव में नेशनल लोक अदालत के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। पी.एल.व्ही. गौतम चंद द्वारा आयोजित इस जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत पंपलेट वितरण कर नागरिकों को लोक अदालत की कार्यप्रणाली एवं इसके लाभों की जानकारी दी गई।
जनसमूह को बताया गया कि नेशनल लोक अदालत के माध्यम से न्यायालय में लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों का आपसी समझौते से त्वरित एवं न्यायपूर्ण निराकरण किया जाता है। इस प्रक्रिया में सिविल, दाण्डिक, चेक बाउंस, पारिवारिक विवाद, श्रम, मोटर दुर्घटना, बीमा, बैंक के प्री-लिटिगेशन मामले, विद्युत, दूरभाष, डाकघर एवं नगर पालिका से संबंधित प्रकरणों का समाधान किया जाता है।
अभियान के दौरान उपस्थित नागरिकों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006, महिलाओं के कानूनी अधिकारों तथा निशुल्क कानूनी सहायता के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि लोक अदालत में वकील पर खर्च नहीं होता, कोर्ट फीस नहीं लगती, पुराने मामलों की फीस वापस मिल जाती है और कोई पक्ष दोषी नहीं ठहराया जाता। इसके अतिरिक्त, लोक अदालत का निर्णय अंतिम होता है, जिस पर किसी अन्य न्यायालय में अपील नहीं की जा सकती।
सरगांव हाट बाजार में भी इसी तरह का प्रचार अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। इस पहल का उद्देश्य लोगों को वैकल्पिक न्याय प्रणाली की ओर प्रेरित करना और न्यायिक प्रक्रियाओं को सरल बनाना है।

Author: Deepak Mittal
