करोड़ों की संपत्ति वाले प्रत्याशी मैदान में, जानें किसके पास कितनी संपत्ति..

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

जे के मिश्र,
ब्यूरो चीफ,
नवभारत टाइम्स,24*7 in बिलासपुर

बिलासपुर :  नगर निगम चुनाव में महापौर पद के लिए करोड़पति उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों द्वारा प्रस्तुत संपत्ति का विवरण जिला निर्वाचन अधिकारी ने सार्वजनिक कर दिया है। इस खुलासे में कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों की करोड़ों की संपत्ति सामने आई है।

कांग्रेस के महापौर उम्मीदवार प्रमोद नायक ने अपनी संपत्ति का ब्यौरा देते हुए बताया कि उनके पास कुल 5 करोड़ 77 लाख रुपये की संपत्ति है। उन्होंने अपनी नकद संपत्ति 1 लाख रुपये बताई, जबकि बैंक खातों में 3.44 लाख रुपये जमा हैं। शेयर बाजार में उनका 90.96 लाख रुपये का निवेश है।

उनके पास 8 लाख रुपये कीमत की टोयोटा ग्लांजा कार, 12.82 लाख रुपये मूल्य का 160 ग्राम सोना, और मुंगेली, मस्तूरी व रायपुर में जमीन है, जिसकी कीमत 61.10 लाख रुपये बताई गई है। उनके पास 1.60 करोड़ रुपये की गैर-कृषि भूमि भी है। उनकी पत्नी मीतू नायक के पास 36.02 लाख रुपये बैंक बैलेंस और 70 हजार रुपये नकद हैं, जबकि उनकी बेटी के नाम 2 करोड़ 23 लाख 7 हजार रुपये की संपत्ति है।

बीजेपी ने पूजा विधानी को महापौर प्रत्याशी बनाया है, जिनकी कुल संपत्ति 2 करोड़ 23 लाख रुपये बताई गई है। उनके पास 1 लाख रुपये नकद, बैंक खाते में 5 हजार रुपये, 13 लाख की कार, 25 लाख की लोडर, 8 लाख रुपये का ट्रैक्टर और 30 तोला सोना (लगभग 25 लाख रुपये मूल्य) है।

इसके अलावा, उनके नाम पर 50 लाख रुपये का एक फार्म हाउस भी दर्ज है। हालांकि, उन पर 25 लाख रुपये का कर्ज भी है। उनके पति अशोक विधानी के पास हेमूनगर चौक स्थित 1 करोड़ रुपये की आवासीय संपत्ति है और वे भी 25 लाख रुपये के ऋण में हैं।

आम आदमी पार्टी से महापौर उम्मीदवार खगेश चंद्राकर की संपत्ति का कुल मूल्य 80 लाख 58 हजार रुपये बताया गया है। उनके बैंक खाते में 1.15 लाख रुपये जमा हैं, एलआईसी में 73 हजार रुपये का निवेश और शेयर बाजार में 95 हजार रुपये का निवेश दर्ज है।

उनके पास 14.40 लाख रुपये की कार, 65 हजार रुपये की स्कूटी, 2.70 लाख रुपये मूल्य का 25 ग्राम सोना और 45 लाख रुपये की कृषि व आवासीय भूमि है। वहीं, 18.93 लाख रुपये का होम और कार लोन भी है। उनकी पत्नी के नाम पर 67.34 लाख रुपये की संपत्ति दर्ज है।

इस चुनावी मुकाबले में शिवसेना (शिंदे गुट) और कई निर्दलीय प्रत्याशी भी ताल ठोक रहे हैं। संपत्ति के इस ब्यौरे के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि जनता किसे अपना नया महापौर चुनती है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *