रायपुर – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मशहूर उद्योगपति गौतम अडानी ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने उन्हें स्थानीय कलाकारों द्वारा निर्मित शाल और नंदी भेंटकर छत्तीसगढ़ में उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री साय से मुलाकात के दौरान अडानी ने छत्तीसगढ़ में ऊर्जा और सीमेंट के क्षेत्र में 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि निवेश किये जाने की घोषणा की। उद्योगपति अडानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के रायपुर , कोरबा और रायगढ़ में अडानी समूह अपने पावर प्लांट्स के विस्तार के लिये 60 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगा।
इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य की विद्युत उत्पादन क्षमता में 6120 मेगावाट की अतिरिक्त बढ़ोत्तरी होगी। चेयरमैन अडानी ने आगे बताया कि अडानी समूह राज्य में सीमेंट प्लांट्स के विकास और विस्तार के लिये भी 5000 करोड़ का निवेश करेगा। यह कदम राज्य के औद्योगिक विकास को मजबूती देगा और रोजगार के नये अवसर पैदा करेगा। मुख्यमंत्री साय को अडानी ने बताया कि अडानी फाउंडेशन के माध्यम से शिक्षा , स्वास्थ्य , कौशल विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये अगले चार वर्षों में दस हजार करोड़ का निवेश किया जायेगा।
यह पहल राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई ऊंचाई पर ले जायेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अडानी समूह के इस पहल की सराहना करते हुये इसे छत्तीसगढ़ के विकास के लिये एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि यह निवेश ना केवल छत्तीसगढ़ की आर्थिक और औद्योगिक स्थिति को सुदृढ़ करेगा , बल्कि इसे देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162892
Total views : 8187501