(जे के मिश्र ) बिलासपुर। जिले के पुराना बस स्टैंड में हुए हत्या कांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि 25 अगस्त को इस हत्यारे ने राहुल सिंह चौहान की बेरहमी से हत्या कर दी थी और तभी से पुलिस के लिए यह मामला चुनौती बन गया था। पुलिस की लगातार कोशिशों के बाद करीब 17 दिनों बाद पुलिस को सफलता मिली है और आरोपी को पकड़ा गया है।
आरोपी दीपक उर्फ बाबा, जो पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, ने कुछ समय पहले ही चिनराज पारा में चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना की रिपोर्ट TNM न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से प्रसारित की गई थी, जिसमें बताया गया था कि चाकूबाजी करने वाला आरोपी ही राहुल सिंह चौहान का हत्यारा हो सकता है। इस सूचना के बाद पुलिस ने अपने प्रयास तेज कर दिए और आखिरकार आरोपी को पकड़ने में कामयाब रही।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दीपक उर्फ बाबा पर पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह नशे का आदी है। उसे पकड़ने में पुलिस को काफी परेशानी हुई क्योंकि आरोपी के पास न कोई मोबाइल था और न ही वह अपने घर आता-जाता था। आरोपी को पकड़ने में जिला अस्पताल के पास तैनात दो आरक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पूछताछ के दौरान, आरोपी ने बताया कि एक अचानक विवाद के चलते उसने हत्या की थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
Author: Deepak Mittal









